Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

भीषण गर्मी में पानी की किल्लत पर भाकियू (महाशक्ति) का प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

रम्पुरा गांव में अवैध कब्जे पर अधूरी कार्रवाई पूरी कराने की उठाई मांग, किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की मांग

भीषण गर्मी में पानी की किल्लत पर भाकियू (महाशक्ति) का प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

Oplus_16908288

रम्पुरा गांव में अवैध कब्जे पर अधूरी कार्रवाई पूरी कराने की उठाई मांग, किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की मांग

मैनपुरी। जनपद में भीषण गर्मी और पानी की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष पवन सक्सेना के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला अधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

भाकियू (महाशक्ति) के जिलाध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद शहर के सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि तिकोनिया पार्क में लगा वॉटर कूलर खराब पड़ा हुआ है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और संगठन के सदस्य पहुंचते हैं। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने खराब वॉटर कूलर को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

इसके साथ ही मंडी परिसर में भी पेयजल व्यवस्था बदहाल होने का आरोप लगाया गया। संगठन का कहना है कि मंडी में लगे फ्रीजर और पानी की व्यवस्था सही नहीं है। किसानों और आम लोगों को गर्म पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यूनियन ने प्रशासन से मंडी परिसर में ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।

ज्ञापन में रम्पुरा गांव में अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया। पवन सक्सेना ने बताया कि गांव में एक दबंग द्वारा किए गए अवैध कब्जे को लेकर पूर्व जिलाधिकारी को पहले भी शिकायत दी गई थी। उस समय प्रशासन द्वारा कार्रवाई शुरू कराई गई थी, लेकिन जिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद कार्रवाई अधूरी रह गई। अब नए जिलाधिकारी के आने के बाद संगठन ने एडीएम के माध्यम से मांग की है कि अधूरी कार्रवाई को जल्द पूरा कर ग्रामीणों को न्याय दिलाया जाए।

भाकियू (महाशक्ति) ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

वाइट — पवन सक्सेना, जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति)

रिपोर्ट — मोहित गुप्ता, मैनपुरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!