काशीराम आवास योजना की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़की किसान क्रांति यूनियन, नगर निगम को 5 दिन का अल्टीमेटम
नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और मरम्मत की उठी मांग; समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
काशीराम आवास योजना की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़की किसान क्रांति यूनियन, नगर निगम को 5 दिन का अल्टीमेटम

नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और मरम्मत की उठी मांग; समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
फिरोजाबाद। शहर की काशीराम आवास योजना (पचवांन) की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने नगर निगम को ज्ञापन सौंपते हुए पांच दिन के भीतर कॉलोनी की नालियों की सफाई, नियमित कूड़ा उठान और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव (एडवोकेट) ने बताया कि वर्ष 2009 में बनी इस आवास योजना में हजारों परिवार निवास करते हैं, लेकिन लंबे समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नालियां जाम हैं, जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। यूनियन का दावा है कि स्थानीय लोगों को यह कहकर टाल दिया जाता है कि यहां वोट नहीं हैं, इसलिए सफाई नहीं कराई जाएगी।
यूनियन ने कहा कि बरसात के मौसम में जाम नालियां और फैली गंदगी संक्रामक बीमारियों का कारण बन सकती हैं, जिससे हजारों लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए प्रशासन तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराए।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन और नगर निगम की होगी।




