नवरात्रि से पहले जय मां बेहड़ वाली धाम पहुंचे डीएम और एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष जोर

PCT News Digital | फिरोजाबाद
नवरात्रि से पहले जय मां बेहड़ वाली धाम पहुंचे डीएम और एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष जोर
फिरोजाबाद। आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जय मां बेहड़ वाली धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था की स्थिति जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24 घंटे सक्रिय और कार्यशील रहें। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और जरूरी सूचनाओं के प्रसारण के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मंदिर परिसर और आसपास स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।




