स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले दो बाल अपचारी हिरासत में, यात्रियों की जान खतरे में डालने का आरोप
50 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने किया खुलासा, तीसरे बाल अपचारी की तलाश जारी

स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले दो बाल अपचारी हिरासत में, यात्रियों की जान खतरे में डालने का आरोप
50 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने किया खुलासा, तीसरे बाल अपचारी की तलाश जारी
फिरोजाबाद। स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव कर यात्रियों की जान जोखिम में डालने के मामले में थाना रसूलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। घटना का खुलासा करने के लिए गठित पुलिस टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों की पहचान संभव हो सकी।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को ट्रेन संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जब पेमेश्वर गेट के पास रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कोच की खिड़की का शीशा टूट गया, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना रसूलपुर, दक्षिण, लाइनपार, जीआरपी, एसओजी और सर्विलांस सहित कुल 10 टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में तीन बाल अपचारी रेलवे ट्रैक के किनारे कूड़ा बीनते दिखाई दिए, जिनमें से एक ने ट्रैक के पास पड़ा पत्थर उठाकर गुजर रही शताब्दी एक्सप्रेस पर फेंक दिया था।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह आसफाबाद फाटक के पास से दो बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया। तीसरे बाल अपचारी की तलाश जारी है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए बाल अपचारियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और रेलवे अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




