फिरोजाबाद में कन्या जन्मोत्सव का भव्य आयोजन, जिलाधिकारी ने 40 बेबी केयर किट वितरित कीं
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हुआ कार्यक्रम, नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को किया गया सम्मानित

फिरोजाबाद में कन्या जन्मोत्सव का भव्य आयोजन, जिलाधिकारी ने 40 बेबी केयर किट वितरित कीं
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हुआ कार्यक्रम, नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को किया गया सम्मानित
फिरोजाबाद। महिला कल्याण एवं बाल सेवा-पुष्टाहार विभाग की ओर से “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सौ सैय्या चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव एवं बेबी केयर किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, बालिका भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने 40 नवजात बालिकाओं के लिए बेबी केयर किट वितरित कीं। नवजात बालिकाओं के जन्म की खुशी में केक कटिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान नवजात शिशु और उनकी माता शालिनी देवी ने केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया।
समारोह में हाल ही में जन्मी बालिकाओं की माताओं को मिठाई और बेबी केयर किट देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार में बेटी का जन्म भी उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवारों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं और समाज एवं परिवार के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नवीन जैन सहित महिला कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




