Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
E-Paperhttps://pctnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifयूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में मंडलीय समीक्षा बैठक: आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री आवास और जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी के निर्देश

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कहा—जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए

फिरोजाबाद में मंडलीय समीक्षा बैठक: आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री आवास और जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी के निर्देश

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कहा—जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए

 

फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को मंडलायुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी के जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में मंडल के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान वर्ष 2026-27 में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। आगरा में 17 के लक्ष्य के सापेक्ष सात स्थलों का चयन किया जा चुका है। मैनपुरी में 10 और फिरोजाबाद में 12 अंत्येष्टि स्थलों का चयन पूरा हो चुका है, जबकि मथुरा में स्थल चयन की प्रक्रिया अभी लंबित है। मंडलायुक्त ने उपनिदेशक पंचायती राज को मथुरा में स्थल चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए।

 

वर्ष 2025-26 के अंत्येष्टि स्थल निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि मैनपुरी और फिरोजाबाद में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। आगरा में 15 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि तीन निर्माणाधीन हैं। मथुरा में एक अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

 

पंचायत उत्सव भवन को लेकर बताया गया कि आगरा के फतेहाबाद और फिरोजाबाद के टूंडला में स्थल चयन की प्रक्रिया चल रही है। मंडलायुक्त ने दोनों स्थानों पर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

 

प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल और फर्नीचर व्यवस्था की जानकारी ली गई। मंडल के पांच बाउंड्रीवॉल विहीन विद्यालयों में से मैनपुरी के दो विद्यालयों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि तीन विद्यालयों में कार्य प्रगति पर है। फर्नीचर आपूर्ति के मामले में मथुरा और फिरोजाबाद के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत आपूर्ति पूरी होने की जानकारी दी गई। आगरा और मैनपुरी में लक्ष्य पूरा करने के लिए मंडलायुक्त ने एडी बेसिक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अगस्त माह तक विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किए गए भुगतान की स्थिति की जानकारी दी गई। आगरा में 81.40 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 90.66 प्रतिशत, मथुरा में 84.67 प्रतिशत और मैनपुरी में 89.35 प्रतिशत लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। मंडलायुक्त ने सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

आयुष्मान कार्ड की प्रगति में आगरा में 64.91 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 70.06 प्रतिशत, मथुरा में 65.51 प्रतिशत और मैनपुरी में 73.51 प्रतिशत कार्ड बनाए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने शेष पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए आगरा मंडल में कुल 3,986 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें आगरा को 803, मथुरा को 599, फिरोजाबाद को 1,427 और मैनपुरी को 1,157 आवास आवंटित किए गए हैं। अब तक मंडल में 3,162 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मंडलायुक्त ने शेष आवासों को तत्काल स्वीकृत करने, लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि भेजने और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

 

बीबीजीआरजी योजना के तहत नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वीकृत कार्यों की संख्या 318 से बढ़ाकर 375 किए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कराने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार के 60:40 वित्तीय अनुपात का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और एक जनपद एक उत्पाद वित्तीय सहायता योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने बैंक अधिकारियों को युवा उद्यमियों के ऋण आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस और वैधानिक कारण के ऋण आवेदन निरस्त न किए जाएं तथा स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में महिला बाल सम्मान कोष और बालिका सम्प्रेषण गृह की व्यवस्थाओं को और अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और शादी अनुदान योजना के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय सत्यापन कराकर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण करें और शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बिना आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण को पूर्ण नहीं माना जाना चाहिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा सहित आगरा, मथुरा और मैनपुरी के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंडलायुक्त सहित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किए।

 

PCT News Digital | Pink City Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!