मेडिकल कॉलेज में बवाल: डॉक्टर-स्टाफ से हाथापाई, नर्स के गहने गायब होने का आरोप
मरीज के परिजनों ने डॉक्टर पर महिला से मारपीट और बदसलूकी का लगाया आरोप, दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की बात कही

मेडिकल कॉलेज में बवाल: डॉक्टर-स्टाफ से हाथापाई, नर्स के गहने गायब होने का आरोप
मरीज के परिजनों ने डॉक्टर पर महिला से मारपीट और बदसलूकी का लगाया आरोप, दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की बात कही
फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थि रोग विभाग में मरीज के तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। डॉक्टर और स्टाफ की ओर से दी गई शिकायत में अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट के साथ स्टाफ नर्स के सोने के कुंडल और चेन गायब होने का आरोप लगाया गया है। घटना से संबंधित वीडियो फुटेज पुलिस को सौंपे जाने की बात भी कही गई है।
वहीं, मरीज के परिजनों ने डॉक्टर चन्द्रकान्त गौतम पर उनके घर की महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
थाना उत्तर प्रभारी के अनुसार, उनके संज्ञान में मारपीट की जानकारी आई है, लेकिन अभी किसी भी पक्ष की तहरीर सीधे थाने में प्राप्त नहीं हुई है। यदि स्थानीय चौकी पर शिकायत दी गई है तो उसकी जानकारी लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।