Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
E-Paperhttps://pctnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifयूपीराज्यलोकल न्यूज़

सिरसागंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 120 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

सिरसागंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 120 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण

 

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 

फिरोजाबाद। तहसील सिरसागंज में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 120 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम राहतपुर निवासी विधवा पुष्पा देवी पत्नी स्वर्गीय मलिखान सिंह ने अपनी भूमि गाटा संख्या 266मि, क्षेत्रफल 0.2020 हेक्टेयर की पैमाइश कराने का प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सिरसागंज को राजस्व टीम गठित कर शीघ्र पैमाइश कराने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत साख के नगला अतिया निवासी जनवेद सिंह पुत्र रूप सिंह ने अपने घर से देशराज के घर तक आरसीसी गली निर्माण तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलवाने की मांग की। डीएम ने खंड विकास अधिकारी अरांव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

ग्राम नगला छोटे आमीर निवासी किसान राहुल जादौन पुत्र सतीश चंद्र ने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार गिरने से दो गायों की मृत्यु होने और करीब 1.80 लाख रुपये के नुकसान की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को मामले की जांच कर नियमानुसार उचित मुआवजे और सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

ग्राम रुधैनी निवासी अंजलि पत्नी अनुरोध कुमार ने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रार्थना पत्र को पूर्ति निरीक्षक को नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेजा गया।

 

ग्राम पिंडसरा निवासी स्वयं प्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल पर नियमों के विरुद्ध पैमाइश करने, खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निष्पक्ष राजस्व अधिकारियों की टीम गठित कर मामले की पुनः जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

वहीं ग्राम किसरांव निवासी वृद्ध शेरसिंह पुत्र स्वर्गीय नेकसे सिंह ने अपनी भूमि से संबंधित गाटा संख्या 348-2, 348-6, 348-7 और 528-2 के मामले में क्षेत्रीय लेखपाल देवेंद्र कुमार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह करीब तीन महीने से समस्या के समाधान के लिए तहसील के चक्कर लगा रहे थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार सिरसागंज को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने और समस्या का स्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर आवेदक की समस्या का निस्तारण कराया। समस्या के समाधान के बाद शेरसिंह भावुक हो गए और उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया।

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का निस्तारण पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के मामलों में लापरवाही अथवा आमजन और वृद्धजनों के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

PCT News Digital | Pink City Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!