
वाराणसी में आयोजित हुआ ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में शामिल हुए। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान को लेकर विशेष संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारतीय सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय आत्मगौरव के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति सदियों से विश्व को मानवता, अध्यात्म और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश के प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक तीर्थस्थलों का पुनरोद्धार तेजी से हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, महाकाल लोक और सोमनाथ जैसे पवित्र स्थलों को नया स्वरूप देकर भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।




