फिरोजाबाद में गूंजी युवाओं की आवाज, ‘युवा नीति संवाद’ में 800 से अधिक युवाओं ने रखी अपनी राय
शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता जैसे मुद्दों पर हुआ मंथन; युवाओं को नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

फिरोजाबाद में गूंजी युवाओं की आवाज, ‘युवा नीति संवाद’ में 800 से अधिक युवाओं ने रखी अपनी राय
शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता जैसे मुद्दों पर हुआ मंथन; युवाओं को नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद स्थित आराध्या गार्डन में होप संस्था (हाउस ऑफ पॉलिटिकल एम्पावरमेंट) की ओर से ‘युवा नीति संवाद-उत्तर प्रदेश (डिकोडिंग द ग्रासरूट्स)’ का आयोजन किया गया। ‘चर्चा, विचार-विमर्श और विकास’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में 800 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नीति, विकास और लोकतांत्रिक चर्चा से जोड़ते हुए उनकी प्राथमिकताओं और जमीनी समस्याओं को सामने लाना रहा। संवाद के दौरान शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, सामाजिक सुरक्षा और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर युवाओं ने अपनी राय रखी।
युवाओं को नीति-निर्माण में भागीदारी का संदेश
कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रवक्ता एवं होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह, हंसराज कॉलेज दिल्ली के प्रवक्ता डॉ. प्रभांशु ओझा, आदर्श कृष्ण कॉलेज शिकोहाबाद के पूर्व प्राचार्य प्रो. मौकम सिंह, पालीवाल कॉलेज शिकोहाबाद के प्रवक्ता डॉ. एमपी सिंह, अधिवक्ता राहुल यादव और पर्यावरणविद् दीपक गौरी सहित अन्य वक्ताओं ने सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की भूमिका केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें नीति-निर्माण से जुड़े विमर्श में भी सक्रिय रूप से अपनी बात रखनी चाहिए। कार्यक्रम में युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ उनके जमीनी क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
आयोजकों के अनुसार, संवाद के दौरान युवाओं से मिले सुझावों को संबंधित मंचों और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और युवा आयोग का जिक्र
डॉ. प्रभांशु ओझा ने कहा कि युवाओं में रचनात्मकता और बदलाव की क्षमता होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में राज्य युवा आयोग की स्थापना की घोषणा का भी उल्लेख किया और इसे युवाओं से जुड़े विषयों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
युवाओं की आकांक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास
होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नीतिगत विषयों पर खुलकर चर्चा और संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा तैयार की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि कृषि चौपाल के बाद युवाओं से संवाद का यह अभियान अगले तीन महीनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जारी रखने की योजना है।
युवाओं को वर्तमान पर ध्यान देने की सलाह
आदर्श कृष्ण कॉलेज, शिकोहाबाद के पूर्व प्राचार्य प्रो. मौकम सिंह ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर वर्तमान में मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने ‘डिजायर एंड देन डिजर्व’ के माध्यम से पहले लक्ष्य तय करने और फिर उसके अनुरूप प्रयास करने पर जोर दिया।
युवाओं ने साझा की अपनी राय
कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने भी संवाद को लेकर अपने अनुभव साझा किए। विशाल यादव ने कहा कि कार्यक्रम ने जमीनी समस्याओं और नीतिगत विषयों के बीच संवाद का अवसर दिया।
विनय यादव ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से नीतियों के काम करने के तरीके को समझने और शिक्षा व रोजगार से जुड़ी समस्याओं को सामने रखने का मंच मिला।
यश यादव ने स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी मिलने की बात कही। मयंक यादव ने कहा कि युवाओं को अपनी चुनौतियां सामने रखने का अवसर मिलना जरूरी है। शीलेंद्र यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक भागीदारी केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नीतियों पर चर्चा में युवाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन आशुतोष यादव और हिमांशु द्विवेदी ने किया। आयोजन में उत्सव कुमार राय, नयन, आर्यन सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
PCT News Digital | Pink City Times




