जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फावड़ा चलाकर किया श्रमदान, अधिकारियों के साथ चलाया सफाई अभियान
जिलाधिकारी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, बोले—स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं, इसे सामूहिक संकल्प बनाएं

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फावड़ा चलाकर किया श्रमदान, अधिकारियों के साथ चलाया सफाई अभियान
जिलाधिकारी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, बोले—स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं, इसे सामूहिक संकल्प बनाएं
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को जिलाधिकारी कॉलोनी में अधिकारियों के साथ सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं फावड़ा चलाकर सफाई कार्य में श्रमदान किया। जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी वि. एवं रा. कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय सहित उप जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों ने भी सफाई अभियान में श्रमदान किया।
सफाई अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के पास स्थित जागरण पंडाल और बारात घर के आसपास सफाई की। इसके बाद उन्होंने पैदल चलकर पूरी जिलाधिकारी कॉलोनी का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कॉलोनीवासियों से संवाद करते हुए अपील की कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित न रखा जाए। सभी लोग समय-समय पर अपने आसपास सफाई करते रहें और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। जिलाधिकारी का स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान में श्रमदान करना अधिकारियों और आमजन के लिए स्वच्छता के प्रति प्रेरणादायक संदेश रहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित नगर निगम एवं नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता वाले स्थानों पर कूड़ेदान रखे जाएं, ताकि लोग कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। साथ ही कूड़ेदानों को प्रतिदिन खाली कराने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक संकल्प है। सफाई अभियान के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





