दो महीने से वेतन न मिलने का आरोप, ठेका सफाई कर्मचारियों ने सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
48 घंटे में समस्याओं का समाधान न होने पर चक्का जाम और काम बंद हड़ताल की चेतावनी

दो महीने से वेतन न मिलने का आरोप, ठेका सफाई कर्मचारियों ने सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
48 घंटे में समस्याओं का समाधान न होने पर चक्का जाम और काम बंद हड़ताल की चेतावनी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कन्हैया नगर स्थित लॉयंस सर्विसेज कचरा संग्रह प्राइवेट लिमिटेड की कार्यशाला पहुंचकर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सेवा प्रदाता के एचआर, ऑपरेशन मैनेजर और अकाउंटेंट को दिया गया।
संघ के अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी ने आरोप लगाया कि लॉयंस सर्विसेज में कार्यरत सफाई कर्मचारी प्रतिदिन सुबह करीब 5 बजे से घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करने का कार्य करते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा है। संघ का दावा है कि करीब दो महीने का समय बीतने वाला है, लेकिन कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं दिया गया है।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू खर्च प्रभावित हो रहे हैं। इसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है।
ज्ञापन के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के अनुसार वेतन वृद्धि का लाभ देने, प्रत्येक माह की 15 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, वाहन चालकों के वाहनों में हुई टूट-फूट की शीघ्र मरम्मत कराने तथा कार्य से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा काम पर लगाने की मांग की गई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर वेतन सहित अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन कर्मचारियों के साथ सभी वाहनों का चक्का जाम कर काम बंद हड़ताल करने के लिए मजबूर होगा। संघ ने इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और लॉयंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, फिरोजाबाद की होने की बात कही है।
ज्ञापन देने वालों में योगेश सरन, विनय चौहान, पवन दीप चौहान, रोहित करोसिया और दीपक कुमार सहित कर्मचारी नेता अशोक मोती, जालिम सिंह, सूजल चौहान, सोनू चौहान, लक्ष्मण सिंह, अरविंद कुमार, रोबिन सिंह, अमन शंखवार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




