फिरोजाबाद में पत्रकारों का प्रदर्शन, प्रशासनिक अनियमितताओं पर सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गड़बड़ी का आरोप, लेखपाल को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग
फिरोजाबाद में पत्रकारों का प्रदर्शन, प्रशासनिक अनियमितताओं पर सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गड़बड़ी का आरोप, लेखपाल को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग
फिरोजाबाद।
जनपद में प्रशासनिक स्तर पर हो रही कथित अनियमितताओं के विरोध में युवा पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र खन्ना को सौंपा।
ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की गई है। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लेखपाल ज्योति वर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाकर विभागीय जांच शुरू करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पीड़ित युवा पत्रकार विशाल वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में शिकायत निस्तारण प्रक्रिया केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। उन्होंने बताया कि ‘जनसुनवाई’ (आईजीआरएस) पोर्टल पर दर्ज उनकी शिकायत संख्या 40014726012235 एवं 40014726014895 का बिना जांच और सत्यापन के निस्तारण कर दिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए अधिकृत सरकारी कर्मचारी की जगह एक निजी व्यक्ति को मौके पर भेजा गया। साथ ही लेखपाल ज्योति वर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे मौके पर निष्पक्ष जांच नहीं करतीं और आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है।
आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत के अनुसार, निवास प्रमाण पत्र से जुड़ी जांच में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। बिना उचित सत्यापन के रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण दर्शा दिया गया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मामले को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विशाल वर्मा, अनिल कुमार झा, प्रवीन कुमार शर्मा, अभिषेक राठौर, गोपाल शर्मा, राकेश, विकास कुमार, नितिन कुमार, राकेश वर्मा (एडवोकेट), अनिल लहरी एवं राजेंद्र सिंह सहित अन्य पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



