शिकोहाबाद के असुआ में पुलिया 77 बंद करने की तैयारी दस गांवों का रास्ता संकट में

रेलवे की कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश बच्चों की पढ़ाई और किसानों की आजीविका पर खतरा
खबर
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव असुआ में रेलवे द्वारा पुलिया नंबर 77 को बंद करने की तैयारी से आसपास के करीब दस गांवों के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। यह पुलिया पिछले कई वर्षों से ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग बनी हुई है और इसी रास्ते से लोग रोजाना आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार छात्र छात्राएं इसी पुलिया के जरिए स्कूल और कॉलेज पहुंचते हैं जबकि किसान अपने खेतों तक जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। इसके अलावा दोनों ओर स्थित पैतृक जमीनों तक पहुंच का यह एकमात्र सुगम साधन है।
तीन मई 2026 को रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिया को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की, जिसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए और विरोध जताया। विरोध के बाद अधिकारियों ने फिलहाल दो दिन के लिए कार्रवाई रोक दी और समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इसके बाद पुलिया को बंद किया जा सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के दोनों ओर पक्का डामर रोड पहले से मौजूद है, जो सीधे शिकोहाबाद और मुख्यालय से जुड़ता है। ऐसे में या तो इसी स्थान पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाए या फिर फ्लाईओवर या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
अब सभी की नजर रेलवे और प्रशासन पर टिकी है कि वे इस गंभीर समस्या का क्या समाधान निकालते हैं, जिससे दस गांवों की जीवनरेखा बना यह रास्ता सुचारु रूप से चालू रह सके।




