सिरसागंज में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
शादी के डेढ़ साल बाद मौत, पांच लाख रुपये और प्लॉट की मांग का आरोप
सिरसागंज में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
शादी के डेढ़ साल बाद मौत, पांच लाख रुपये और प्लॉट की मांग का आरोप
फिरोजाबाद
फिरोजाबाद जनपद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के नगला भूपाल गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आगरा जनपद के थाना एका क्षेत्र के गांव करभना निवासी योगेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी 20 वर्षीय बेटी प्रिया की शादी 21 जनवरी 2025 को नगला भूपाल निवासी आदित्य के साथ की थी। शादी में लगभग 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त पांच लाख रुपये और जमीन में प्लॉट की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर प्रिया के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। इस संबंध में पहले भी थाना सिरसागंज में शिकायत की गई थी, जिस पर बाद में समझौता हो गया था।
परिजनों के अनुसार, चार मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे ससुर ने फोन कर प्रिया की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो इटावा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक इको गाड़ी में प्रिया का शव मिला।
मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने प्रिया को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।




