फिरोजाबाद: सर्पदंश पीड़िता के उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
तीमारदारों ने उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप, अस्पताल प्रशासन से हुई नोकझोंक के बाद बढ़ा विवाद
फिरोजाबाद: सर्पदंश पीड़िता के उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

तीमारदारों ने उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप, अस्पताल प्रशासन से हुई नोकझोंक के बाद बढ़ा विवाद

फिरोजाबाद। शहर के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में बुधवार दोपहर सर्पदंश से पीड़ित एक महिला के उपचार के दौरान हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला के तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों के बीच मरीज से मिलने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला गिरधारी निवासी मालती को जहरीले सांप ने काट लिया था। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान मरीज के पास जाने को लेकर अस्पताल कर्मियों और तीमारदारों के बीच विवाद हो गया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीमारदारों का आरोप था कि महिला के उपचार में लापरवाही बरती जा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज का उपचार चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया जा रहा था और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए केवल सीमित लोगों को ही मरीज के पास जाने की अनुमति दी जा रही थी।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। इसके बाद अस्पताल में उपचार की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।




