फिरोजाबाद: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गांधी पार्क में प्रदर्शन, ‘कॉकरोच पार्टी’ के नाम से युवाओं ने उठाई आवाज
छात्रों के समर्थन में की नारेबाजी, जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने और मांगों पर विचार करने की अपील

फिरोजाबाद।
शुक्रवार को फिरोजाबाद के गांधी पार्क में खुद को ‘कॉकरोच पार्टी’ बताने वाले कुछ युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे छात्रों को प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए। उनका कहना था कि छात्रों की मांगों को अनदेखा करने के बजाय सरकार को उनसे संवाद कर उचित समाधान निकालना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं और फिलहाल स्वयं को ‘कॉकरोच पार्टी’ के नाम से पहचान दे रहे हैं। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य छात्रों की आवाज को समर्थन देना और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।