जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, विरोध करने पर महिला से मारपीट; थाना दक्षिण में मुकदमा दर्ज
जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, विरोध करने पर महिला से मारपीट; थाना दक्षिण में मुकदमा दर्ज

प्रेमेश्वर गेट निवासी महिला ने एएसपी से लगाई गुहार, मोती एकता नगर स्थित भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप; पुलिस ने जांच शुरू की
फिरोजाबाद।
थाना दक्षिण क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। प्रेमेश्वर गेट निवासी एक महिला ने कुछ लोगों पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करने, विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में थाना दक्षिण पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता किरन देवी ने अपर पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मोती एकता नगर स्थित उनकी भूमि पर कुछ लोग संगठित तरीके से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उधर, थाना दक्षिण पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




