
तूण्डला में पुलिस मुठभेड़ 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार लूट की रकम और तमंचे बरामद

फाइनेंस कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज
फिरोजाबाद 23 अप्रैल 2026
थाना टूण्डला क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुलदीप पुत्र सतवीर सिंह निवासी रिठोरी थाना कागारोल जनपद आगरा और निखिल उर्फ कान्हा उर्फ गुलडोरी पुत्र सूरजभान निवासी रिठोरी थाना कागारोल जनपद आगरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बाईपास रोड हमीरपुर बंबा के पास लूट की रकम के बंटवारे के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 95 हजार 880 रुपये की लूटी गई नकदी, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस लूट की साजिश में फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी अरविंद भी शामिल था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
घटना 22 अप्रैल 2026 की है जब फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारी पैसे जमा करने बैंक जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। मामले में थाना टूण्डला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने तेजी से काम करते हुए घटना का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है जबकि घायल बदमाशों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।




