फिरोजाबाद: मक्खनपुर बाईपास पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी ब्रेजा कार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत
आगरा से मैनपुरी जा रहा था परिवार, ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई; तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद: मक्खनपुर बाईपास पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी ब्रेजा कार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

आगरा से मैनपुरी जा रहा था परिवार, ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई; तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के नए बाईपास पर बिल्टीगढ़ पुल के पास शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब आगरा से मैनपुरी जा रही तेज रफ्तार विटारा ब्रेजा कार ओवरटेक के दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक के कंडक्टर साइड हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में राखी, निवासी कुरावली (जनपद मैनपुरी), की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके आठ वर्षीय पुत्र अग्रिम (पुत्र सचिन) ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।


कार में सवार सचिन, उनकी बेटी तथा चालक यश प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए बाईपास पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार ब्रेजा कार ओवरटेक करते समय सड़क किनारे खड़े ट्रक के कंडक्टर साइड हिस्से से टकरा गई। हादसे में महिला और उसके पुत्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




