शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़: इटावा लूटकांड के दो इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
बच्चे को बंधक बनाकर भागे थे आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; इटावा एसओजी और फिरोजाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए

शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़: इटावा लूटकांड के दो इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

बच्चे को बंधक बनाकर भागे थे आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; इटावा एसओजी और फिरोजाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद।
जनपद फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र स्थित नगला कन्हई के पास शुक्रवार दोपहर इटावा एसओजी, इटावा पुलिस और फिरोजाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में इटावा जनपद की चर्चित चेन स्नैचिंग/लूट की घटना में वांछित दो इनामी बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को इटावा जनपद में हुई चेन स्नैचिंग/लूट की घटना में शामिल दोनों बदमाशों के झारखंड की ओर ट्रेन से जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने पहले एक मासूम बच्चे को बंधक बनाकर भागने का प्रयास किया। बाद में बच्चे को छोड़कर एक मोटरसाइकिल छीन ली और पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में इटावा एसओजी के दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बदमाशों का लगातार पीछा किया। पीछा करते हुए नगला कन्हई क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच दोबारा मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद और इटावा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानपुर रेंज के अधिकारियों के साथ आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के खेतों में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई अन्य बदमाश मौके से फरार न हुआ हो या घायल अवस्था में छिपा न हो।
एडीजी आगरा जोन एस.के. भगत ने बताया कि मारे गए दोनों अपराधी 3 जुलाई को इटावा में हुई लूट की वारदात में शामिल थे। दोनों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वे इटावा पुलिस के वांछित एवं इनामी अपराधी थे। लूट की घटना के बाद आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के पास एक दंपति के बच्चे को छीनकर बंधक बनाया था और उनकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों बदमाशों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




