चार घंटे के भीतर विद्युत विभाग ने मानीं किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों के धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान का दिया लिखित आश्वासन
चार घंटे के भीतर विद्युत विभाग ने मानीं किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों के धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान का दिया लिखित आश्वासन
फिरोजाबाद। भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला अध्यक्ष राहुल यादव के नेतृत्व में सोमवार को फिरोजाबाद डिवीजन कार्यालय पर किसानों की विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। किसानों ने क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मरों, जर्जर विद्युत तारों, विद्युत क्षमता बढ़ाने तथा करंट की चपेट में आकर मृत हुई भैंसों के मुआवजे सहित विभिन्न मांगें प्रमुखता से उठाईं।
धरने के दौरान गुदाऊ क्षेत्र में करंट लगने से मृत भैंस के मुआवजे, पूर्व में बिजली विभाग की लापरवाही से मृत हुई दो भैंसों के लंबित मुआवजे तथा यूपीएसआईडीए के जेई और जसराना क्षेत्र में तैनात जेई के स्थानांतरण की मांग रखी गई। मांगों का समाधान न होने पर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
मौके पर एसई एवं एक्सईएन ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की कार्रवाई शुरू कराने तथा भैंसों के मुआवजे के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे के भीतर संगठन की प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई, जिसके बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना आगे जारी नहीं रखने का निर्णय लिया।
हवेली और अन्य क्षेत्रों की विद्युत समस्याएं भी उठाईं
धरने के दौरान हवेली, फतेहपुर, प्रसादपुर, शिकोहाबाद एवं बालाजी मंदिर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा बालाजी मंदिर के पीछे पार्किंग स्थल से गुजर रही 440 केवी लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में थाना दक्षिण के थाना प्रभारी/एसएचओ सहित भारतीय किसान क्रांति यूनियन के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान ट्रैक्टर और चारपहिया वाहनों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे।
धरने में बूथ प्रांत अध्यक्ष योगेश यादव, युवा प्रदेश प्रभारी प्रदीप परमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दर्शन यादव, किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष पम्पी किन्नर, यतेंद्र यादव, गोलू यादव, तहसील अध्यक्ष शिकोहाबाद आकाश कुमार, जिला सचिव इंद्रजीत यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं किसान भाइयों का आभार व्यक्त किया।




