तूण्डला में स्मार्ट पॉइंट चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद | 08 अप्रैल 2026

तूण्डला में स्मार्ट पॉइंट चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद | 08 अप्रैल 2026
जनपद फिरोजाबाद के थाना तूण्डला क्षेत्र में स्मार्ट पॉइंट से हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल को स्टेशन रोड स्थित स्मार्ट पॉइंट से 61 हजार रुपये, एक एचडीएफसी बैंक एटीएम कार्ड और भारत पेट्रोलियम का कार्ड चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना तूण्डला पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करन पुत्र निरंजन सिंह को रेस्ट कैम्प के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से थाना नंगला सिंघी क्षेत्र के ठार गंगाराम का निवासी है और फिलहाल नंगला लल्लू, थाना तूण्डला में रह रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 61 हजार रुपये, एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड और भारत पेट्रोलियम कार्ड बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना कबूल कर ली है।
इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तूण्डला के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की इस तत्परता से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और आम जनता ने राहत की सांस ली है।




