फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: टप्पेबाजी गैंग के 4 बदमाश दबोचे, 2 के पैर में लगी गोली, डेढ़ लाख नकदी और हथियार बरामद
23 जून को बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, एसओजी-सर्विलांस और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: टप्पेबाजी गैंग के 4 बदमाश दबोचे, 2 के पैर में लगी गोली, डेढ़ लाख नकदी और हथियार बरामद
23 जून को बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, एसओजी-सर्विलांस और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी कर बेचे गए आभूषणों के 1.50 लाख रुपये, तीन अवैध तमंचे, आठ कारतूस (चार खोखा व चार जिंदा) तथा वारदात में प्रयुक्त तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को थाना उत्तर क्षेत्र में सुबह टहलकर लौट रहे एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर बदमाशों ने उनकी सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली थी। पीड़ित के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से गिरोह की पहचान कर ली।
शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य बैंदी पुलिया के पास किसी नई वारदात की फिराक में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जग्गू उर्फ जगदीश और सुभाष यादव के पैर में गोली लगी, जबकि तनुज गोस्वामी और दिनेश चंद्र गोस्वामी को भागते समय गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आगरा के रहने वाले हैं और विभिन्न राज्यों में टप्पेबाजी, लूट, चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चारों आरोपियों पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
घायल दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी
टप्पेबाजी से प्राप्त ₹1,50,000 नकद
03 अवैध तमंचे (.315 बोर)
04 जिंदा और 04 खोखा कारतूस
वारदात में प्रयुक्त 03 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से टप्पेबाजी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है और क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है।
संवाददाता: दुष्यंत यादव | PCT News




