क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

73 ग्राहकों के ऋण में 32.56 लाख की धोखाधड़ी, शिकोहाबाद पुलिस ने एक आरोपी दबोचा

फर्जी KYC, बैंक पासबुक और दस्तावेजों से तैयार किए गए ऋण खाते; रकम परिचितों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

73 ग्राहकों के ऋण में 32.56 लाख की धोखाधड़ी, शिकोहाबाद पुलिस ने एक आरोपी दबोचा

फर्जी KYC, बैंक पासबुक और दस्तावेजों से तैयार किए गए ऋण खाते; रकम परिचितों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड की शिकोहाबाद शाखा में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 73 ग्राहकों के ऋण की धनराशि हड़पने के मामले में शिकोहाबाद पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में कुल 32 लाख 56 हजार 529 रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

KYC और बैंक दस्तावेजों में छेड़छाड़ का आरोप

पुलिस के मुताबिक मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, शिकोहाबाद शाखा के जोनल मैनेजर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने ग्राहकों के KYC, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी ऋण खाते तैयार किए। इसके बाद ऋण की रकम को अपने परिचितों अथवा संबंधित खातों में स्थानांतरित कर हड़प लिया गया।

विभागीय जांच में कुल 73 ग्राहकों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया।

किस आरोपी पर कितनी रकम का आरोप?

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह पर 28 ग्राहकों के नाम पर करीब 14 लाख रुपये की ऋण राशि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्थानांतरित कराने का आरोप है।

वहीं अभियुक्त अर्जुन सिंह पर 23 ग्राहकों के नाम पर करीब 11.40 लाख रुपये तथा प्रदीप कुमार पर 14 ग्राहकों के नाम पर करीब 7 लाख रुपये की ऋण राशि स्थानांतरित कराने का आरोप है। इसके अलावा आठ अन्य ग्राहकों की EMI से संबंधित 16,529 रुपये की धोखाधड़ी भी जांच में सामने आई है।

घर के बाहर से पकड़ा गया आरोपी

मामले की विवेचना के दौरान नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पुत्र खुशीराम, निवासी जगतिया, थाना राया, जनपद मथुरा को थाना राया क्षेत्र में उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तारी के कारण से अवगत कराते हुए विधिक कार्रवाई की गई।

तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मामले में नामजद अन्य आरोपी आकाश अली, राहुल भारद्वाज और अर्जुन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उनके निवास और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक जाहिर हुसैन, कांस्टेबल सचिन कुमार और रिजर्व कांस्टेबल रितिक कुमार शामिल रहे।

Pink City Times | PCT News
स्थानीय खबर, सीधे आपकी आवाज़ तक।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!