फिरोजाबाद में गरजे मंत्री जयवीर सिंह, सपा नेताओं के आरोपों पर दिया करारा जवाब
राम मंदिर चंदा जांच, कानून व्यवस्था और हिंदुत्व पर विपक्ष को घेरा; बोले- 2017 से पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’, अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’
फिरोजाबाद में गरजे मंत्री जयवीर सिंह, सपा नेताओं के आरोपों पर दिया करारा जवाब

राम मंदिर चंदा जांच, कानून व्यवस्था और हिंदुत्व पर विपक्ष को घेरा; बोले- 2017 से पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’, अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रविवार को फिरोजाबाद जनपद के करहरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए गए विभिन्न आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली द्वारा दिए गए बयान कि “भाजपा के जहर से बहुसंख्यक हिंदू जहरीला हो गया है” पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जावेद अली से ऐसे ही बयान की अपेक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि देश आज आत्मगौरव और स्वाभिमान की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है।
कानून व्यवस्था को लेकर प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि 2017 से पहले और वर्तमान समय के आंकड़ों की तुलना कर ली जाए। उन्होंने कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की स्थिति थी, जबकि आज “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना के जरिए जिले अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व की बात है।
सपा सांसद डिंपल यादव द्वारा राम मंदिर चंदा प्रकरण और अदिति मामले को लेकर लगाए गए आरोपों पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं और एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेटी किसी की भी हो, उसका सम्मान पूरे समाज का सम्मान होता है। भाजपा हमेशा बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के पक्ष में खड़ी रही है।
राम मंदिर चंदा घोटाले के सवाल पर जयवीर सिंह ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से जो भी शिकायतें और सिफारिशें सरकार को मिलीं, उनके आधार पर एसआईटी गठित कर जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करहरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया तथा कहा कि सरकार जनहित और विकास के एजेंडे पर निरंतर कार्य कर रही है।




