Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

डीएम संतोष कुमार शर्मा का संयुक्त चिकित्सालय में औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

साफ-सफाई, बेडशीट बदलने और परिवार नियोजन काउंसलिंग के दिए निर्देश, डेंगू व हीट स्ट्रोक का कोई मरीज भर्ती नहीं

डीएम संतोष कुमार शर्मा का संयुक्त चिकित्सालय में औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

साफ-सफाई, बेडशीट बदलने और परिवार नियोजन काउंसलिंग के दिए निर्देश, डेंगू व हीट स्ट्रोक का कोई मरीज भर्ती नहीं

फिरोजाबाद। शासन की मंशानुसार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने आपातकालीन वार्ड, एनआरसी, एसएसएनसीयू, सिजेरियन वार्ड, सामान्य प्रसव वार्ड, आयुष्मान वार्ड, डेंगू वार्ड तथा जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों से डॉक्टरों और कर्मचारियों के व्यवहार एवं उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। मरीजों ने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के बेड पर बिछाई जाने वाली चादरों को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से बदला जाए।

मौके पर मौजूद दो पुरुष मरीजों से बातचीत के दौरान यह जानकारी सामने आई कि एक के चार और दूसरे के सात बच्चे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों को परिवार नियोजन के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले ऐसे सभी मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा पर ध्यान दिया जा सके।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि सफाई व्यवस्था संभाल रही सेवा प्रदाता कंपनी के कुछ कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं थे। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

डॉक्टरों से वर्तमान में भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी लेने पर बताया गया कि अस्पताल में इस समय मुख्य रूप से इन्फेक्शन, फूड पॉइजनिंग, बुखार और डायरिया के मरीज आ रहे हैं, जिनका समुचित उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि वर्तमान में अस्पताल में डेंगू या हीट स्ट्रोक (लू) का कोई भी मरीज भर्ती नहीं है।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को शासन की मंशा के अनुरूप समय पर निःशुल्क दवाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!