फिरोजाबाद में 313 शिक्षकों को मिले मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड, प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया वितरण
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोले प्रभारी मंत्री— गुरु का स्थान सर्वोच्च, शिक्षकों व उनके परिवारों को ₹5 लाख तक के कैशलेस उपचार का मिलेगा लाभ

फिरोजाबाद में 313 शिक्षकों को मिले मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड, प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया वितरण
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोले प्रभारी मंत्री— गुरु का स्थान सर्वोच्च, शिक्षकों व उनके परिवारों को ₹5 लाख तक के कैशलेस उपचार का मिलेगा लाभ
फिरोजाबाद।
जनपद फिरोजाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि समाज में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है। गुरु ही बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा का माध्यम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से शिक्षक और उनके परिवार को प्रदेश के सूचीबद्ध अस्पतालों में बेहतर एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक शिक्षक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 12 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इनमें राजश्री मिश्रा, गिरीश चंद्र यादव, कुबेर सिंह, धर्मेंद्र भदौरिया, नीरज कुमारी, विनीता गुप्ता, गरिमा कुशवाहा, विशाल पाठक, सुशील कुमार, डॉ. गीता, डॉ. प्रियदर्शिनी उपाध्याय एवं वैष्णवी शामिल रहीं। जनपद में कुल 313 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि भगवान करे किसी शिक्षक को इस कार्ड का उपयोग करने की आवश्यकता न पड़े, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर यह योजना शिक्षकों और उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक और उनके परिवार की चिंता करते हुए यह योजना लेकर आए हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र शिक्षक और उनके परिवार को ₹5 लाख तक का नि:शुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया एवं चेतेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष राम नरेश कटारा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




