भीषण गर्मी को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शिक्षा विभाग से छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की

भीषण गर्मी को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शिक्षा विभाग से छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की
लखनऊ/उत्तर प्रदेश। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है।
उन्होंने अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग, लखनऊ को पत्र भेजकर कहा है कि प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में गर्मी के चलते अवकाश घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में छात्राएं अब भी भीषण गर्मी के बीच विद्यालय परिसर में रहने को मजबूर हैं।
रेनू गौड़ ने अपने पत्र में कहा कि अत्यधिक तापमान का छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका लगातार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्राएं ग्रामीण और आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से आती हैं, ऐसे में उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग से अनुरोध किया है कि प्रदेश के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
रेनू गौड़ ने आशा जताई कि छात्राओं के हित और स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर इस विषय में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




