टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
151 शिकायतों में 21 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
151 शिकायतों में 21 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
फिरोजाबाद जनपद की तहसील टूंडला में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में राजस्व, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पुलिस प्रशासन और जन सुविधाओं से जुड़ी कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जनता को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, अन्यथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्र की भूमि से हटेगा अवैध कब्जा
ग्राम नगला छैकुर में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए प्रस्तावित गाटा संख्या 303 पर अवैध कब्जे की शिकायत ग्राम प्रधान संजय कुमार द्वारा की गई। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को तत्काल कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
अतिक्रमण और पैमाइश मामलों में टीम गठित करने के निर्देश
मौजा कार्तिक सहित विभिन्न गांवों से चकमार्ग और खेतों पर कब्जे व भूमि पैमाइश संबंधी शिकायतें सामने आईं। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी टूंडला को लेखपाल एवं कानूनगो की संयुक्त टीम बनाकर निष्पक्ष पैमाइश कराने के निर्देश दिए।
जलभराव और डेंगू की शिकायत पर फॉगिंग के आदेश
ग्राम नगला महादेव में तालाब की सफाई न होने एवं जलभराव के कारण डेंगू जैसे संक्रामक रोग फैलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक शौचालय निर्माण में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई
टूंडला स्टेशन रोड कपड़ा मार्केट में सार्वजनिक शौचालय के पुनर्निर्माण कार्य में बाधा डालने की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए जनहित के कार्य को निर्बाध पूरा कराने के निर्देश दिए।
विरासत और खतौनी मामलों में डीएम ने जताई नाराजगी
स्वर्गीय रवि कुमार बाल्मीकि की पत्नी हंस देवी ने क्षेत्रीय लेखपाल पर विरासत रिपोर्ट लंबित रखने और परेशान करने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उप जिलाधिकारी को सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत कर पीड़िता को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम नगला खरगा निवासी कालीचरण ने शिकायत की कि न्यायालय के आदेश और आर-6 रजिस्टर में दर्ज होने के बावजूद पिछले पांच महीनों से खतौनी में आदेश अंकित नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार टूंडला को एक घंटे के भीतर मामले का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस पर लोक कल्याणकारी कैंप लगाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पेंशन एवं ग्राम विकास विभाग द्वारा कैंप लगाए जाएं, ताकि दूरदराज से आने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और मौके पर लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला वनाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




