फिरोजाबाद में ईवीएम की एफएलसी को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
2 सितंबर से सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगी प्रथम स्तरीय जांच, पारदर्शिता के लिए 24×7 लाइव वेबकास्टिंग और सीसीटीवी से निगरानी

फिरोजाबाद में ईवीएम की एफएलसी को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
2 सितंबर से सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगी प्रथम स्तरीय जांच, पारदर्शिता के लिए 24×7 लाइव वेबकास्टिंग और सीसीटीवी से निगरानी
फिरोजाबाद, 31 अगस्त। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने एफएलसी की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की गहन जांच की जाएगी। एक मशीन की जांच में करीब 25 से 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
जांच में सही पाए जाने वाली मशीनों पर ‘एफएलसी ओके’ का ग्रीन स्टीकर लगाया जाएगा और उन्हें सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं खराब पाई जाने वाली मशीनों पर रेड स्टीकर लगाकर संबंधित निर्माता कंपनी को वापस भेजा जाएगा।
सीसीटीवी और लाइव वेबकास्टिंग से होगी निगरानी
एफएलसी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एफएलसी हॉल एवं परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 24×7 लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।
एफएलसी स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। परिसर के अंदर मोबाइल कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस एवं अन्य गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने की अपील की। सुचारू व्यवस्था के लिए एक समय में प्रत्येक राजनीतिक दल का एक अधिकृत प्रतिनिधि ही एफएलसी हॉल में मौजूद रह सकेगा।

प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि वे अपनी उपस्थिति में मशीनों का मॉकपोल कराकर एफएलसी प्रक्रिया की शुद्धता की जांच स्वयं कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एफएलसी का मुख्य उद्देश्य मतदान के दिन ईवीएम में किसी प्रकार की खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो और किसी तरह की शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो। ईवीएम की एफएलसी प्रक्रिया 2 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संपन्न की जाएगी।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम, अंकित वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी, फिरोजाबाद।




