फिरोजाबाद में आंधी-ओलावृष्टि का कहर: दीवार गिरने से 8 वर्षीय बालिका और युवक की मौत, चार घायल
जसराना के चनारी गांव में आटा चक्की के पास हुआ हादसा, शिकोहाबाद और सिरसागंज में भी गिरे ओले; धान की फसल को नुकसान की आशंका

फिरोजाबाद में आंधी-ओलावृष्टि का कहर: दीवार गिरने से 8 वर्षीय बालिका और युवक की मौत, चार घायल
जसराना के चनारी गांव में आटा चक्की के पास हुआ हादसा, शिकोहाबाद और सिरसागंज में भी गिरे ओले; धान की फसल को नुकसान की आशंका
फिरोजाबाद। जिले में शुक्रवार शाम अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बीच जसराना क्षेत्र के पाढ़म स्थित चनारी गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी से बचने के लिए आटा चक्की के पास बैठे लोगों पर दीवार और सोलर प्लेट सहित निर्माण का एक हिस्सा गिर पड़ा। हादसे में आठ वर्षीय बालिका और एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
आंधी से बचने के लिए बैठे थे लोग, तभी गिरा निर्माण का हिस्सा
जानकारी के अनुसार, बालिका ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी से बचने के लिए कुछ लोग आटा चक्की के पास बैठ गए। तभी दीवार और सोलर प्लेट लगा निर्माण का हिस्सा उनके ऊपर गिर पड़ा। मलबे में दबने से बालिका और एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दस मिनट में बदला मौसम, सड़कों पर बिछे ओले
जिले के शिकोहाबाद, सिरसागंज और जसराना क्षेत्रों में भी शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। कुछ ही मिनटों में आसमान में बादल छा गए और सड़कों पर ओले बिखर गए। अचानक बदले मौसम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम ठंडा हो गया।
ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता
आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, फसलों को हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
PCT News Digital | Pink City Times




