जमीन विवाद में सुनवाई न होने से युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, तहसील में मचा हड़कंप
बोलेरो पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल, सीएचसी से हायर सेंटर रेफर; एडीएम ने तहसील पहुंचकर अधिकारियों से ली जानकारी

जमीन विवाद में सुनवाई न होने से युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, तहसील में मचा हड़कंप
बोलेरो पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल, सीएचसी से हायर सेंटर रेफर; एडीएम ने तहसील पहुंचकर अधिकारियों से ली जानकारी
फिरोजाबाद, जसराना। जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में कार्रवाई न होने से परेशान एक युवक ने बुधवार सुबह जसराना तहसील परिसर में आत्मघाती कदम उठा लिया। इस दौरान वह नीचे खड़ी बोलेरो पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिरोला निवासी विकास का ग्राम खुशहाली निवासी महताब सिंह के साथ एक जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष विवादित भूमि पर अपना-अपना अधिकार होने का दावा कर रहे हैं।
बताया गया कि शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दोनों पक्षों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम, सीओ, थाना पुलिस और लेखपाल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन से जुड़े विवाद की जांच की थी। जांच के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी जमीन के संबंध में दस्तावेज और अन्य साक्ष्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे।

बुधवार सुबह विकास अपनी पत्नी के साथ जसराना तहसील पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह अधिकारियों से अपनी शिकायत पर कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा था। इसी दौरान वह काफी परेशान हो गया और तहसील भवन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद तहसील परिसर में मौजूद लोगों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एडीएम भी जसराना तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम और सीओ से घटना के साथ-साथ जमीन विवाद में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
PCT News Digital | Pink City Times




