सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत डीएम व सीडीओ ने किया वृहद वृक्षारोपण
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में छात्रों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, छात्रावास और भोजनालय का भी किया निरीक्षण

सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत डीएम व सीडीओ ने किया वृहद वृक्षारोपण
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में छात्रों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, छात्रावास और भोजनालय का भी किया निरीक्षण
फिरोजाबाद, 18 सितंबर। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, वजीरपुर जेहलपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय के छात्रों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने छात्रों को सकारात्मक एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी पसंद की किसी एक सेवा गतिविधि में सहभागी बने और कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर सेवा एवं जनभागीदारी की इस पहल को सफल बनाने में योगदान दे।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के रहने, स्वच्छता, पेयजल, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को छात्रावास में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा विद्यार्थियों की सुविधाओं एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के भोजनालय कक्ष में छात्रों को दिए जा रहे दोपहर के भोजन की गुणवत्ता भी परखी। भोजन में मिक्स सब्जी, मिक्स दाल, रोटी और चावल शामिल थे, जिसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, रविन्द्र सिंह भदौरिया, एसडीओ वन विभाग, अविनाश सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी फिरोजाबाद, मोहित कुमार उप क्षेत्रीय वन अधिकारी फिरोजाबाद, प्रधानाचार्य उमेश कुमार सहित विद्यालय के छात्र मौजूद रहे।




