

फिरोजाबाद: दोस्त ने ही ली दोस्त की जान, खेत में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां बदनपुर कोटला निवासी 35 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र ब्रह्मानंद की उनके ही मित्र द्वारा हत्या किए जाने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विपिन कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात उनके मित्र मलखान सिंह से हो गई। इसके बाद दोनों साथ में घर के लिए निकले। रास्ते में दोनों ने शराब पी।
बताया जा रहा है कि देर शाम करीब 9 बजे विपिन के भाई अजय के पास फोन आया, जिसमें सूचना दी गई कि विपिन का शव एक खेत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसी दौरान जिस व्यक्ति ने खेत में शव फेंकने की कोशिश की, उसे खेत मालिक ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पकड़ा गया आरोपी कोई और नहीं बल्कि विपिन का मित्र मलखान सिंह निकला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई




