फिरोजाबाद में खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने उर्वरक उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने के दिए कड़े निर्देश

फिरोजाबाद में खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने उर्वरक उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने के दिए कड़े निर्देश
संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उर्वरक समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ सीजन 2026 के लिए जनपद में खाद की उपलब्धता, मांग और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में इफको, कृभको, राजकीय कृषि बीज भंडारों, सहकारी समितियों और विभिन्न उर्वरक वितरण संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
किसानों के साथ समन्वय बनाकर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और उर्वरक वितरण एजेंसियों को निर्देश दिए कि किसानों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि जिले में खाद की कमी जैसी स्थिति पैदा न हो। उन्होंने साफ कहा कि उर्वरक वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और मजबूत होनी चाहिए।
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, कृत्रिम कमी या किसानों के शोषण की शिकायत मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गैर-कृषि कार्यों में खाद के इस्तेमाल पर सख्ती
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि रियायती दरों पर मिलने वाले कृषि उर्वरकों का उपयोग किसी भी हालत में औद्योगिक या गैर-कृषि कार्यों में न होने दिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को थोक और फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर नियमित औचक निरीक्षण करने और स्टॉक के साथ पीओएस मशीन के आंकड़ों का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“धरती माता निगरानी समिति” को सक्रिय करने के निर्देश
डीएम ने कहा कि किसान देश की मुख्य जीवन रेखा हैं और उनकी समस्याओं का पारदर्शिता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर गठित “धरती माता निगरानी समिति” को अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए, ताकि गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा सके।
इसके साथ ही किसानों को जैविक खाद और प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
जिले में उर्वरक वितरण का बड़ा नेटवर्क सक्रिय
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में उर्वरक आपूर्ति के लिए व्यापक व्यवस्था संचालित है।
जिले में वर्तमान व्यवस्था
शिकोहाबाद में 01 मुख्य रैक पॉइंट
24 थोक उर्वरक विक्रेता
82 बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियां
32 इफको ई-बाजार एवं कृषक सेवा केंद्र
02 कृभको सेवा केंद्र
02 पीसीएफ बिक्री केंद्र
86 एग्री जंक्शन केंद्र
23 एफपीओ
803 निजी सक्रिय विक्रेता
खरीफ 2026 में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की स्थिति
उर्वरक उपलब्धता का विवरण (19 मई 2026 तक)
उर्वरक
लक्ष्य (मैट्रिक टन)
उपलब्धता
वितरण
यूरिया
42,087
20,313
7,528
डीएपी
17,980
8,503
1,107
एनपीके
2,754
2,871
222
एमओपी
5,283
4,975
498
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने और सतत विकास के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कृषि, सहकारिता और सूचना विभाग को संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान और कृषक गोष्ठियां आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले का हर किसान जागरूक और समृद्ध बन सके।




