जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
फिरोजाबाद, 29 अगस्त। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिविरों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति, लंबित शिकायतों और पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी योजना से संबंधित शिकायत या प्रार्थना पत्र किसी भी स्तर पर लंबित नहीं रहना चाहिए। शिकायतों के लंबित रहने पर संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे का तत्काल सत्यापन
प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे में शामिल लाभार्थियों का तत्काल सत्यापन कर तथ्यों के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान वृद्धावस्था पेंशन की ब्लॉकवार प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को पेंशन की किस्त प्राप्त हुई है या नहीं, इसकी रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पेंशन योजनाओं की भी मांगी रिपोर्ट
प्रोवेशन विभाग की समीक्षा में निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने पूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, दिव्यांग पेंशन से संबंधित पात्र लाभार्थियों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
राशन की गुणवत्ता खराब मिलने पर हुई कार्रवाई
जिला पूर्ति विभाग की समीक्षा में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गरीब कल्याण योजना के तहत गेहूं और चावल की गुणवत्ता खराब होने से संबंधित सात शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।
किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को योजना की प्रगति एवं लंबित मामलों के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान योजना से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
योजनाओं का लाभ धरातल पर पहुंचाने पर जोर
बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करें, ताकि पात्र जनता को समय से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी योजना से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र लंबित नहीं रहना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो: बैठक के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मौजूद अधिकारी।
जिला सूचना अधिकारी, फिरोजाबाद।




