गुरुग्राम से घर लौट रही युवती की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म और हत्या का आरोप
शिकोहाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी युवती की मौत; परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने आरोपी से मृतका का मोबाइल सहित अन्य सामान किया बरामद

गुरुग्राम से घर लौट रही युवती की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म और हत्या का आरोप
शिकोहाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी युवती की मौत; परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने आरोपी से मृतका का मोबाइल सहित अन्य सामान किया बरामद

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। गुरुग्राम से घर लौट रही एक युवती की शिकोहाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी नितिन उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया है। युवती के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस के अनुसार, अब तक की विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की दुष्कर्म और हत्या में संलिप्तता सामने आई है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर शेरपुर निवासी राकेश जाटव की बेटी गुरुग्राम में नौकरी करती थी। परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त की रात युवती गुरुग्राम से घर लौटने के लिए निकली थी। परिजनों को जानकारी मिली थी कि वह रात में आरोपी राहुल के साथ थी। अगले दिन युवती की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो युवती मृत अवस्था में मिली। इसके बाद मृतका के पिता की ओर से थाना शिकोहाबाद में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई गई और आरोपी राहुल समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
हत्या की आशंका पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना शिकोहाबाद में मु0अ0सं0 664/2026 धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान धारा 64(1) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिकोहाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी नितिन उर्फ राहुल पुत्र गंगा सिंह उर्फ सीताराम, निवासी खटवामई, थाना नगला खंगर को छीछामई नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
मृतका का मोबाइल समेत तीन चीजें बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से मृतका का नीले रंग का वीवो मोबाइल फोन, आरोपी का काले रंग का सैमसंग मोबाइल फोन और यौन उत्तेजक दवा की दो गोलियां बरामद हुई हैं।
पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम भी सामने आया
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर अभिषेक पुत्र प्रमोद कुमार निवासी सलेमपुर कर्खा, थाना नगला खंगर का नाम भी मामले में सामने आया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। इसके अलावा मृतका की सहेली की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी
पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्य संकलन और अब तक की विवेचनात्मक कार्रवाई के आधार पर आरोपी नितिन उर्फ राहुल की मृतका के साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाने तथा उसकी हत्या में संलिप्तता सामने आई है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




