फिरोजाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ, डेंगू से बचाव को लेकर जागरूकता पर जोर
फिरोजाबाद स्वास्थ्य विभाग

फिरोजाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ, डेंगू से बचाव को लेकर जागरूकता पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन से साफ-सफाई और पानी जमा न होने देने की अपील की
फिरोजाबाद में आज संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि डेंगू एक मच्छर जनित बीमारी है, जो मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घर के अंदर और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी सप्ताह में कम से कम दो बार अवश्य बदलें।
उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। लोगों को अपने घरों में रखे सभी कंटेनरों का पानी नियमित रूप से बदलना चाहिए, पानी की टंकियों को ढककर रखें, खिड़कियों पर जाली लगवाएं तथा मच्छरदानी का प्रयोग करें। साथ ही पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की सलाह दी गई।
उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि सूकर पालक अपने सूकर बाड़ों को आबादी से दूर रखें, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें, जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा जनमानस को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सोर्स रिडक्शन यानी मच्छरों के प्रजनन स्थल को खत्म करना बेहद आवश्यक है। यदि लार्वा का नाश किया जाएगा तो डेंगू का प्रसार रोका जा सकता है।
अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में संक्रामक रोगों के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके।




