चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, गठित हुई त्रि-विभागीय जांच टीम
थोक विक्रेताओं व भंडारण गृहों का होगा औचक सत्यापन, स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई

चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, गठित हुई त्रि-विभागीय जांच टीम

थोक विक्रेताओं व भंडारण गृहों का होगा औचक सत्यापन, स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
फिरोजाबाद। जनपद में चीनी के मूल्यों में कृत्रिम बढ़ोत्तरी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी विजयेता सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अधिकारियों एवं निरीक्षकों को शामिल करते हुए त्रि-विभागीय संयुक्त सघन जांच टीम गठित की गई है।

प्रशासन द्वारा जनपद के सभी चीनी थोक विक्रेताओं एवं डीलरों की अद्यतन सूची तैयार कराई जा रही है। इसके बाद संयुक्त जांच टीम द्वारा थोक विक्रेताओं और उनके भंडारण गृहों का औचक भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
स्टॉक, खरीद-बिक्री रजिस्टर और पोर्टल विवरण का होगा मिलान
जांच के दौरान डीलरों की वास्तविक स्टॉक स्थिति का सत्यापन करने के साथ ही उनके खरीद-बिक्री रजिस्टर तथा भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज विवरण का मिलान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य चीनी की उपलब्धता और बाजार मूल्य में किसी भी प्रकार की कृत्रिम गड़बड़ी को रोकना है।
निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक मिलने पर होगी कार्रवाई

जांच में यदि कोई थोक विक्रेता अथवा डीलर निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक रखता पाया गया, पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज करता मिला या चीनी के दामों में अनुचित बढ़ोत्तरी एवं जमाखोरी का प्रयास सामने आया, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) सहित अन्य प्रासंगिक विधिक धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Pink City Times | PCT News




