फिरोजाबाद में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा जयंती, रामलीला और दशहरा को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, विसर्जन स्थलों पर कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

फिरोजाबाद में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा जयंती, रामलीला और दशहरा को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, विसर्जन स्थलों पर कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा
फिरोजाबाद में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक
फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।
बैठक में धर्मगुरुओं ने एक स्वर में गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा जयंती, रामलीला और दशहरा सहित आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तहसील और थाना स्तर के अधिकारी विसर्जन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर लें। जल की गहराई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की जांच सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और नगर पंचायत के अधिकारियों के समन्वय से प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षात्मक इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चिन्हित विसर्जन स्थल पर पुलिस और प्रशासन का छोटा कंट्रोल रूम अनिवार्य रूप से स्थापित किया जाए। त्योहारों के दौरान आतिशबाजी सामग्री के अवैध या असुरक्षित भंडारण, निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक ही मार्ग या क्षेत्र में स्थित प्रमुख स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय में 15-15 मिनट का अंतर रखा जाए, जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति न बने। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जुलूस और विसर्जन मार्गों के गड्ढों को समय रहते ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। ऊंचे वाहनों और झंडों के बिजली के तारों से टकराने की आशंका को देखते हुए विभाग को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि डीजे और मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो। डीजे या साउंड सिस्टम के ऊपर किसी भी व्यक्ति के बैठने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि नदियों में विसर्जन न किया जाए और केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाए। आयोजक और पुलिस-प्रशासन विसर्जन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
एसएसपी ने डीजे वाहनों पर बच्चों और अन्य लोगों के बैठने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में धार्मिक और शांतिप्रिय गीत ही बजाए जाएं, जिससे आपसी सौहार्द बना रहे। जुलूस के दौरान मूर्तियों की ऊंचाई भी नियंत्रित रखी जाए, ताकि बिजली के तारों और रास्ते में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने जागरूक नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जा सके। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में न लेने की हिदायत दी गई। किसी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई।
बैठक में एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




