फिरोजाबाद में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2.5 कुंतल पनीर जब्त, डेयरी पर छापेमारी
मुखबिर की सूचना पर रात में छापा, अब तक 14 दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए
फिरोजाबाद में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2.5 कुंतल पनीर जब्त, डेयरी पर छापेमारी

- मुखबिर की सूचना पर रात में छापा, अब तक 14 दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए

Oplus_16908288
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना खैरगढ़ क्षेत्र में एक डेयरी प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर लगभग 2.5 कुंतल पनीर जब्त किया है। विभाग ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त के निर्देशों तथा खाद्य आयुक्त डॉ. रोशन जैकब द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिलाधिकारी फिरोजाबाद की अनुमति प्राप्त कर एफडीए टीम ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे थाना खैरगढ़ के पास स्थित मेसर्स ओम सांई डेयरी पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में पनीर से भरे वाहन और डेयरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। टीम ने एक नमूना पनीर परिवहन वाहन से तथा दूसरा नमूना डेयरी के डीप फ्रीजर में रखे पनीर से लिया। दोनों नमूनों को त्वरित जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डेयरी के डीप फ्रीजर में रखे लगभग 2.5 कुंतल पनीर (अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये) को सीज कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
दिनभर चला सघन जांच अभियान
एफडीए टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की भी जांच की। इस दौरान—
शिकोहाबाद स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मलाई पनीर के 2 नमूने लिए गए।
मीडियम फैट दूध का 1 नमूना संग्रहित किया गया।
नालबंद चौराहा से दही का 1 नमूना लिया गया।
माधव डेयरी, फिरोजाबाद से घी का 1 नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
विभाग के अनुसार अब तक 5 पनीर सहित कुल 14 दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए जा चुके हैं और कार्रवाई लगातार जारी है।
मुखबिर तंत्र की मदद से होगी मिलावटखोरों पर कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पाण्डेय ने बताया कि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। मिलावट के संभावित केंद्रों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। शासन के निर्देशों के अनुसार आगामी दिनों में भी अभियान जारी रहेगा।




