प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों का डिजिटल सशक्तिकरण, AI और ई-कॉमर्स की दी गई जानकारी
फिरोजाबाद में एक दिवसीय कार्यशाला में ब्रांडिंग, डिजिटल पेमेंट, ONDC, पैकेजिंग और निर्यात को लेकर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों का डिजिटल सशक्तिकरण, AI और ई-कॉमर्स की दी गई जानकारी

फिरोजाबाद में एक दिवसीय कार्यशाला में ब्रांडिंग, डिजिटल पेमेंट, ONDC, पैकेजिंग और निर्यात को लेकर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
फिरोजाबाद/25 अगस्त। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के एमएसएमई-विकास कार्यालय, आगरा की ओर से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के पंजीकृत लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग एवं विपणन विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सागर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (Sagar ITI), आगरा रोड, टूंडला में किया गया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को उत्पादों का उचित मूल्य निर्धारण, बाजार के बदलते रुझान, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, आकर्षक पैकेजिंग एवं लेबलिंग के माध्यम से ब्रांड वैल्यू बढ़ाने की जानकारी दी गई। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ब्रांडिंग, ONDC पर ऑनबोर्डिंग, QR कोड के माध्यम से डिजिटल पेमेंट, सरकारी योजनाओं तथा उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

एमएसएमई-विकास कार्यालय, आगरा के सहायक निदेशक ग्रेड-I अभिषेक सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की रूपरेखा और विश्वकर्मा उत्पादों को निर्यात बाजार तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी। सागर आईटीआई के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सागर ने भी लाभार्थियों को संबोधित किया।
एसपीसी मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की प्रोफेसर डॉ. सीमा सिंह ने मूल्य निर्धारण, बाजार रुझान, बिक्री, ई-कॉमर्स, पैकेजिंग, लेबलिंग और डिजाइन के जरिए उत्पादों की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने के व्यावहारिक तरीके समझाए।
एसबीआई फिरोजाबाद के अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक रमन कांत ने वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग और ऋण संबंधी समस्याओं के समाधान पर मार्गदर्शन दिया। सहायक आयुक्त उद्योग गणेश सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं निर्यात प्रोत्साहन संबंधी जानकारी साझा की।
ONDC-इनेबल्ड प्लेटफॉर्म NearShop के प्रतिनिधि गौरव राजपूत ने ऑनलाइन बिक्री और ONDC पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाई तथा इच्छुक लाभार्थियों का ऑनबोर्डिंग भी कराया। वहीं, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के शिवम कुमार ने डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंक खाता खोलने और QR कोड के उपयोग की जानकारी दी।

एमएसएमई-विकास कार्यालय के यंग प्रोफेशनल राहुल कुमार ने उद्यमिता एवं व्यवसाय विस्तार के लिए एंटरप्रेन्योर माइंडसेट पर जानकारी दी। डीपीएमयू फिरोजाबाद के अखिल पाठक ने AI आधारित ब्रांडिंग और मार्केटिंग की व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रश्नोत्तर एवं फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने लाभार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। लाभार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी और व्यावहारिक बताते हुए सरकार की पहल की सराहना की।
Pink City Times | PCT News




