जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय एवं ब्लॉक संसाधन केन्द्र का किया स्थलीय निरीक्षण
विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और शिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा, शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय एवं ब्लॉक संसाधन केन्द्र का किया स्थलीय निरीक्षण

विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और शिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा, शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

फिरोजाबाद/25 अगस्त। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकासखंड टूण्डला स्थित कम्पोजिट विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता तथा शिक्षण-अधिगम की स्थिति की जानकारी ली।

विद्यालय में कुल 14 कार्मिक कार्यरत पाए गए, जिनमें एक इंचार्ज प्रधानाध्यापक, 9 सहायक अध्यापक, 2 शिक्षामित्र एवं 2 अनुदेशक शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान एक सहायक अध्यापिका आकस्मिक अवकाश पर थीं, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में 414 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से 242 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। मध्यान्ह भोजन में वितरित दाल एवं चावल की गुणवत्ता संतोषजनक मिली।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 6, 7 एवं 8 में पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा चल रही थी। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ब्लॉक संसाधन केन्द्र, टूण्डला का निरीक्षण किया। यहां पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित पाया गया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों से संवाद कर प्रशिक्षण की उपयोगिता की जानकारी ली और नवीन शिक्षण विधियों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और प्रशिक्षण के उद्देश्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी, टूण्डला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Pink City Times | PCT News




