सिरसागंज में पति की गला घोंटकर हत्या का खुलासा, पत्नी गिरफ्तार
24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, पूछताछ में सामने आया पति-पत्नी के विवाद का मामला

सिरसागंज में पति की गला घोंटकर हत्या का खुलासा, पत्नी गिरफ्तार
24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, पूछताछ में सामने आया पति-पत्नी के विवाद का मामला
फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम गुरैया सोहेलपुर में चार दिन पहले हुई शिवम उर्फ राहुल की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी प्रीति ने ही विवाद के दौरान उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 की रात ग्राम गुरैया सोहेलपुर निवासी शिवम उर्फ राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी द्वारा अलग-अलग बातें बताए जाने से पुलिस को मामले में संदेह हुआ। मृतक के पिता बलवीर सिंह की सूचना पर पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवम उर्फ राहुल की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। मृतक की मां मुन्नी देवी की तहरीर पर 15 सितंबर को थाना सिरसागंज में मुकदमा संख्या 465/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मृतक की पत्नी प्रीति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
शराब पीकर घर पहुंचा था शिवम, पत्नी से हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात करीब आठ बजे शिवम उर्फ राहुल शराब पीकर घर पहुंचा था। घर की पहली मंजिल स्थित कमरे में उसका अपनी पत्नी प्रीति से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रीति ने अपने हाथों से पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी प्रीति को 15 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर शेरपुरा तिराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रीति पत्नी स्वर्गीय शिवम उर्फ राहुल यादव, निवासी गुरैया सोहेलपुर, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष।
मुकदमा
मु0अ0सं0 465/2026, धारा 103(1) बीएनएस, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरुण अधाना, महिला उपनिरीक्षक नीतू सिंह, महिला कांस्टेबल पल्लवी और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।




