राशन कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी, अब ₹90 की जगह मिलेगा ₹125 प्रति कुंतल
तहसील सदर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा और मेयर कामिनी राठौर ने लिया हिस्सा

राशन कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी, अब ₹90 की जगह मिलेगा ₹125 प्रति कुंतल

तहसील सदर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा और मेयर कामिनी राठौर ने लिया हिस्सा
फिरोजाबाद। सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं यानी राशन कोटेदारों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अब राशन कोटेदारों को ₹90 प्रति कुंतल के स्थान पर ₹125 प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में तहसील सदर फिरोजाबाद के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, सदर विधायक मनीष असीजा और मेयर कामिनी राठौर सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान लखनऊ से प्रसारित लाभ वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करें कोटेदार : मनीष असीजा
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि उचित दर दुकानों के माध्यम से राशन विक्रेताओं को अपनी आजीविका बढ़ाने और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कोटेदारों से अपील की कि दुकानों पर आने वाले नियमित ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें।
उन्होंने कहा कि उचित दर दुकानों पर बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को प्रतिस्पर्धी दरों पर अन्य आवश्यक वस्तुएं भी मिल सकें। विधायक ने कोटेदारों से घटिया उत्पाद, अधिक सामान बेचने, जबरदस्ती अथवा उपभोक्ताओं के शोषण से बचने का आग्रह किया।
घटतौली और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं : डीएम
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार के इस कदम से सरकार और आम जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि राशन विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और सम्मान के साथ खाद्यान्न एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध हों।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि दुकानों पर किसी भी प्रकार की घटतौली, कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सही ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ राशन दुकानों के माध्यम से सुरक्षित, सुदृढ़ और उपभोक्ता अनुकूल व्यवस्था स्थापित करना है।
मेयर ने भी व्यवस्था को बताया जनहितकारी

मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि सरकार द्वारा कोटेदारों के लाभांश में की गई वृद्धि और राशन वितरण व्यवस्था में किए जा रहे सुधार कोटेदारों के साथ-साथ आम जनता के हित में भी महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, उप जिलाधिकारी सुदर्शन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह, मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
Pink City Times | PCT News
फिरोजाबाद की हर महत्वपूर्ण खबर, आप तक सबसे पहले




