मक्का के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से लापता था विपिन
नगला खंगार क्षेत्र के ग्राम कोटरा की घटना, पुलिस जांच में जुटी
मक्का के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से लापता था विपिन

नगला खंगार क्षेत्र के ग्राम कोटरा की घटना, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद। थाना नगला खंगार क्षेत्र के ग्राम कोटरा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव मक्का के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोटरा निवासी 28 वर्षीय विपिन कुमार कश्यप पुत्र राजवीर सिंह बीते 21 मई 2026 से लापता था। मृतक के बड़े भाई एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार ने बताया कि 21 मई को नगला दानी चौराहे से करू नामक व्यक्ति विपिन को अपने साथ ले गया था। बाद में करू वापस लौट आया और उसने विपिन को गांव की सड़क पर उतार देने की बात कही। इसके बाद विपिन घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों द्वारा लगातार दो दिन तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह पापरी गांव स्थित कालीचरन के मक्का के खेत में सड़क किनारे विपिन का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि शव उसके घर से करीब 400 मीटर दूरी पर मिला है। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक विपिन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी सर्वेश देवी और 6 वर्षीय पुत्र गोपाल है। विपिन पांच भाइयों और तीन बहनों में शामिल था। युवक की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




