सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचीं महिला आयोग सदस्य रेनू गॉड, जनसुनवाई कर दिए आवश्यक निर्देश

सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचीं महिला आयोग सदस्य रेनू गॉड, जनसुनवाई कर दिए आवश्यक निर्देश
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गॉड ने रविवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, अभिलेखों तथा पीड़ित महिलाओं एवं आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के सुझाव दिए गए। महिला आयोग सदस्य ने केंद्र में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीओ सिटी चंचल त्यागी, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुश्री निधि, महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अनम अकाशा, सखी वन स्टॉप सेंटर प्रभारी एवं काउंसलर शिक्षा सारस्वत, स्टाफ नर्स शशि माला, लेखाकार विपिन मिश्रा, मल्टी टास्क वर्कर्स संगीता एवं धीरज सहित पुलिस विभाग के थाना उत्तर प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई भी आयोजित की गई, जिसमें प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई के बाद संबंधित थाना प्रभारी एवं सीओ सिटी को मामलों की निष्पक्ष जांच कर पीड़िताओं एवं शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के समन्वय से शिकायतों के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई भी कराई गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में “रेड टेप मूवमेंट” के तहत पेड़ों के चारों ओर लाल फीता बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।




