आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चलती बस में लगी आग, चालक-परिचालक की मौत
टैंकर से टकराने के बाद बस बनी आग का गोला, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चलती बस में लगी आग, चालक-परिचालक की मौत
टैंकर से टकराने के बाद बस बनी आग का गोला, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल
फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट बस खंबा नंबर 46 किलोमीटर के पास आगे चल रहे टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार लोगों ने किसी तरह खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में बस चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




