Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 नमूने लिए, 80 किलो दूषित मिठाई नष्ट

मिठाई, खोया, पनीर और घेवर की दुकानों पर चला विशेष अभियान; जांच रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई

रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 नमूने लिए, 80 किलो दूषित मिठाई नष्ट

मिठाई, खोया, पनीर और घेवर की दुकानों पर चला विशेष अभियान; जांच रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई

 

फिरोजाबाद। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अभियान के दौरान रक्षाबंधन पर विशेष मांग वाले खाद्य पदार्थों मिठाई, छेना मिठाई, खोया, पनीर और घेवर की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई तथा निर्माण एवं बिक्री की परिस्थितियों का भी निरीक्षण किया।

 

इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने

 

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टूंडला स्थित सियाराम भंडार से छेना मिठाई का नमूना लिया। वहीं टूंडला क्षेत्र में आगरा से आपूर्ति किए जा रहे खोया की जांच के दौरान एटा रोड स्थित निहाल सिंह की पुलिया के पास कारोबारी प्रवीन कुमार से खोया का नमूना संग्रहित किया गया। इसी स्थान पर मथुरा से आपूर्ति किए जा रहे पनीर की जांच के दौरान चौधरी डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया।

 

इसके अलावा कोटला स्थित बालाजी स्वीट्स से घेवर, जीतू कुमार की दुकान से खोया, नारखी स्थित भोले मिष्ठान भंडार से घेवर तथा राजा का ताल, फिरोजाबाद स्थित बच्चू मिष्ठान भंडार से घेवर का नमूना लिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के संबंध में संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए।

80 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई

 

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को करीब 80 किलोग्राम दूषित मिठाई मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम की मौजूदगी में नियमानुसार उक्त मिठाई को नष्ट करा दिया गया।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा सुरक्षित परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने के निर्देश दिए।

 

जांच रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी 7 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अभियान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, विनोद वर्मा, यशपाल सिंह तथा डॉ. राहुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

खाद्य सहायक आयुक्त-द्वितीय, फिरोजाबाद चंदन पांडेय ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावट करने अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Pink City Times | PCT News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!